टी20 विश्व कप 2026 में भारत के फाइनल में पहुंचने के बाद पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर की एक और भविष्यवाणी गलत साबित हो गई। आमिर ने भारत और इंग्लैंड के सेमीफाइनल से पहले कहा था कि इंग्लैंड इस मुकाबले में फेवरेट है और टीम इंडिया फाइनल में नहीं पहुंच पाएगी। हालांकि मैच के नतीजे इसके उलट आए और भारत ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह बना ली।

भारत की इस जीत के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने आमिर पर तीखा हमला बोला। सिद्धू ने तंज कसते हुए कहा कि बार-बार गलत भविष्यवाणी करने वाले लोग “ढोंगी बाबा” की तरह होते हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में नतीजे भविष्यवाणी से नहीं बल्कि मैदान पर प्रदर्शन से तय होते हैं।

सिद्धू ने अपने बयान में पाकिस्तान पर भी निशाना साधा और कहा कि खिताब जीतने के लिए मैदान पर जंग लड़नी पड़ती है, सिर्फ बातें करने या भीख मांगने से कोई सिंहासन नहीं मिलता। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल, मोहम्मद आमिर ने एक पाकिस्तानी शो में कहा था कि मुंबई की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार होती है और अगर इंग्लैंड दूसरी पारी में बल्लेबाजी करता है तो उसके जीतने की संभावना ज्यादा होगी। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी पर भी सवाल उठाए थे और इंग्लैंड को मुकाबले का फेवरेट बताया था।
हालांकि भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को हराया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इससे पहले भी आमिर की कई भविष्यवाणियां गलत साबित हो चुकी हैं, जिसके चलते क्रिकेट जगत में उनकी आलोचना हो रही है।
भारत अब 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में खिताब के लिए मैदान में उतरेगा।