भारत-पाक तनाव के बीच इंडियन ऑयल ने लिया फैसला, आवश्यक सेवाओं को दी जाएगी प्राथमिकता

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच झारखंड में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। जानकारी के अनुसार यह फैसला Indian Oil Corporation की ओर से लिया गया है, जिससे राज्य में कई व्यवसाय प्रभावित हो सकते हैं।

आवश्यक सेवाओं को दी जाएगी प्राथमिकता

बताया जा रहा है कि इस फैसले के तहत कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर अस्थायी रोक लगाई गई है, जबकि अस्पताल, स्कूल और आवश्यक सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडरों की आपूर्ति जारी रहेगी।
अधिकारियों का कहना है कि यह कदम गैस की उपलब्धता को संतुलित रखने और जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर असर
कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति रुकने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और केटरिंग कारोबार पर असर पड़ने की संभावना है।
व्यापारियों का कहना है कि अगर यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो खाद्य कारोबार को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
बढ़ी बुकिंग, घट गई उपलब्धता
सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की बुकिंग तेजी से बढ़ गई है।
पहले जहां एक दिन में लगभग 350 से 400 सिलेंडरों की बुकिंग होती थी, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 2300 से 2500 सिलेंडर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। इस वजह से गैस की आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है।
स्थिति सामान्य होने की उम्मीद
अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला फिलहाल अस्थायी है और स्थिति सामान्य होते ही कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी जाएगी।