जिले में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कुमैना स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। इसको लेकर सोमवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

अधिकारियों के अनुसार, स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड, इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड और दर्शकों के लिए गैलरी जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही इंडोर सुविधाओं पर भी काम चल रहा है।

योजना के तहत बैडमिंटन, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट के साथ एक फिटनेस सेंटर भी तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल सके।
उपायुक्त ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी। साथ ही, खेलों के प्रति युवाओं की रुचि भी बढ़ेगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।