देवघर, झारखंड से, जहां नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात ने सनसनी फैला दी है। बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब छह लाख रुपये नकद और कीमती आभूषण पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि घर के मालिक किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान का फायदा उठाया, घर में घुसे और सीधे अलमारी व लॉकर को निशाना बनाया। बदमाशों ने घर के कीमती सामानों को बारीकी से खंगाला और नकदी के साथ-साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए।

जब परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने तुरंत नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी दोनों है। लोगों ने पुलिस से नियमित गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और अहम सुराग तलाशने की कोशिश में जुटी है। इस मामले से जुड़ी हर बड़ी अपडेट हम आपको देते रहेंगे।