
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रांची पहुंचेंगे, जहां वे पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की गुरुवार को होने वाली अहम बैठक की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे। यह बैठक क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा और सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए आयोजित की जा रही है।

बैठक में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, सड़क और रेल परियोजनाएं, स्वास्थ्य, शिक्षा और केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक के दौरान झारखंड राज्य द्वारा अपनी प्राथमिकताओं के तहत बिजली वितरण व्यवस्था, जल जीवन मिशन की प्रगति, सिंचाई परियोजनाओं, भूमि विवाद समाधान और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली से सीधे रांची पहुंचेंगे और बैठक में भाग लेंगे।
