
स्वच्छता के क्षेत्र में झारखंड को एक और बड़ी सफलता मिली है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के नतीजों में जमशेदपुर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि देवघर को "वन स्टार रेटिंग" से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में जमशेदपुर नगर निगम को सम्मानित किया। यह उपलब्धि राज्य के लिए गर्व की बात है और साफ दर्शाता है कि झारखंड शहरी स्वच्छता में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।

देवघर नगर निगम ने स्वच्छता अभियान को नया आयाम देते हुए झारखंड का पहला सेप्टिक टैंक प्रोसेसिंग प्लांट शुरू किया। इस पहल से शहर में स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन को वैज्ञानिक तरीके से लागू किया गया, जिसके कारण देवघर को वन स्टार रैंकिंग से नवाजा गया। नगर निगम की यह पहल न केवल शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में कारगर रही, बल्कि इसने राज्य भर के निकायों को एक नया मॉडल भी दिया।

स्वच्छता के इस राष्ट्रीय मंच पर झारखंड के कई नगर निकायों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। बुंडू नगर परिषद को खंड स्तरीय उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह साफ है कि राज्य सरकार और स्थानीय निकायों की संयुक्त मेहनत से झारखंड स्वच्छता और शहरी विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। यह सफलता भविष्य में अन्य नगर निकायों को भी प्रेरित करेगी कि वे भी इन मानकों को अपनाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें।
