
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत रविवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ, जिसके बाद उनकी स्थिति गंभीर होती गई। पहले उन्हें जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर शाम करीब 4:30 बजे एयर एम्बुलेंस से उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया।

दिल्ली के अपोलो अस्पताल में डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखे हुए है। बताया गया है कि उन्हें लगातार बेहोशी की स्थिति में रखा गया है और न्यूरो स्पेशलिस्ट डॉक्टर सुधीर त्यागी की देखरेख में इलाज हो रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से पूरी जानकारी ली।

रामदास सोरेन की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही राज्य भर में चिंता का माहौल है। पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और आम लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। इस समय उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है, और अगले 24 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं।
